मई में वास्तविक रीडिंग के आधार पर जारी होंगे बिजली बिल
पिछले माह की रीडिंग को किया जाएगा समायोजित
छतरपुर :- म.प्र.पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा इस मई माह में सभी बिजली उपभोक्ताओं के मीटर की रीडिंग कराई जा रही है, जिससे वास्तविक खपत के आधार पर मई 2020 के बिजली बिल जारी किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि अपै्रल माह में लॉकडाउन की बंदिशों के कारण न तो बिजली उपभोक्ताओं के मीटर की रीडिंग कराई जा सकी थी और न ही बिजली बिलों को लेकर उनके परिसर में किसी भी कर्मचारी को भेजा जा सका था। कोरोना संक्रमण काल में लॉकडाउन के नियमों का पालन करने और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के उद्देश्य से कम्पनी द्वारा मीटर की रीडिंग और बिल वितरण का कार्य नहीं कराया गया था। इस अभूतपूर्व परिस्थिति में राज्य शासन के निर्देशानुसार माह अपै्रल 2019 की खपत को आधार मानकर अपै्रल 2020 के औसत बिल घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को जारी किए गए थे।
सहायक यंत्री श्री सर्वेश शुक्ला ने बताया कि लॉकडाउन के नियमों में आई शिथिलता के कारण मई 2020 में मीटर रीडिंग का कार्य प्रारंभ किया जा चुका है, जिससे उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के आधार पर बिजली बिल जारी किए जा सकेंगे। जिन उपभोक्ताओंं की गत 2 माहों में रीडिंग नहीं हो पाई थी उनकी कुल खपत में से मार्च और अपै्रल माह में जारी की गई औसत खपत को घटाकर शेष खपत का बिजली बिल मई 2020 के लिए जारी किया जाएगा।
योजना का दिया लाभ
अप्रैल 2020 की औसत बिलिंग अपै्रल 2019 को आधार मानकर की गई थी, लेकिन उपभोक्ताओं की इंदिरा गृह ज्योति योजना की पात्रता पर कोई विपरीत असर नहीं पड़ा और उपभोक्ताओं को पात्रता के अनुसार योजना का लाभ प्रदान किया गया है।
बिजली उपभोक्ताओं को बिल का ऑनलाइन भुगतान करने के लिए विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें एटीपी के अलावा कम्पनी की वेबसाइट www.mpez.co.in स्मार्ट बिजली एप, एमपी ऑनलाइन कियोस्क, पेटीएम, अमेजॉन, गूगल पे, एयरटेल बैंक, यूपीआई और फोन पे इत्यादि शामिल हैं। उपभोक्ता घर पर बैठे बिजली बिलों का भुगतान ऑनलाइन प्रक्रिया से कर सकते हैं।
Jansampark Madhya Pradesh
Post a Comment